कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बहरामपुर में एक तृणमूल कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। एक स्थानीय टीएमसी नेता के अनुसार, कुछ लोग बाइक पर आए और सत्यं चौधरी पर करीब से गोलियां चला दीं। पुलिस ने हत्या की जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक चौधरी पहले कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के करीबी हुआ करते थे लेकिन बाद में वह सत्तारूढ़ टीएमसी में शामिल हो गए।
मालूम हो कि भाकुड़ी चालटिया इलाके में जिस घर में सत्यन चौधरी बैठे थे, उसके पास एक फ्लैट बन रहा था, तभी एक बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने सत्यन चौधरी को गोली मार दी। सत्यन चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें बहरामपुर के मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के तुरंत बाद उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना पाकर बहरामपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस प्रशासन ने पूरी घटना की जांच शुरू कर दी है। बहरहाल, लोकसभा चुनाव से पहले इस गोलीबारी की घटना से शहर के लोग काफी भयभीत हैं। सूत्रों के मुताबिक, सत्यन बहरामपुर के भाकुरी इलाके में एक बहुमंजिला इमारत के पास कुछ समर्थकों के साथ बैठे थे। उसी समय बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। यह नेता कभी जिले में अधीर रंजन चौधरी के दाहिने हाथ हुआ करते थे। बाद में उनसे मतभेद के चलते सत्यन ने कांग्रेस छोड़ दी और तृणमूल में शामिल हो गए। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, पिछले विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी से असहमति की वजह से वह पार्टी से दूर रहे थे। हालांकि, पुलिस ने इस तृणमूल कार्यकर्ता की मौत के पीछे का सही कारण जानने के लिए जांच शुरू कर दी है।




