City NewsNational

मणिपुर : मोरेह जिले में सुरक्षाबलों और कुकी उग्रवादियों के बीच मुठभेड़, एक कमांडों की मौत

इम्फाल। मणिपुर के मोरेह जिले में सुरक्षाबलों और संदिग्ध कुकी उग्रवादियों के बीच बुधवार सुबह मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों ओर से जमकर गोलीबारी हुई, जिसमें एक कमांडो की गोली लगने से मौत हो गई है। पुलिस के मुताबिक, उग्रवादियों ने एसबीआई मोरेह के पास सुरक्षाबलों की एक चौकी पर बम फेंके और गोलीबारी की जिसके बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की.

इस मुठभेड़ में पुलिस के एक कमांडो को गोली लगी, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई है। मृतक की पहचान इंफाल पश्चिम जिले के मालोम निवासी वांगखेम सोमरजीत के रूप में हुई है। इस घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाकों को घेर लिया और संदिग्धों की तलाश कर रही है।

आपको बता दें कि मणिपुर में फिर हिंसा भड़कने के पीछे दो संदिग्धों की गिरफ्तारी मानी जा रही है। पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके 48 घंटे के बाद ही कुकी समुदाय से जुड़े संदिग्ध उग्रवादियों ने सुरक्षा बलों की चौकी पर हमला बोल दिया। इससे पहले इंफाल के पश्चिम जिले में मंगलवार की रात को कौट्रुक गांव के स्वयंसेवक और संदिग्ध उग्रवादी भी आमने-सामने आ गए थे। इस दौरान दोनों गुटों में गोलीबारी हुई थी, लेकिन पुलिस के आने के बाद हमलावर फरार हो गए थे।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH