City NewsUttar Pradesh

फैजाबाद में बीजेपी की हार के बाद लोगों को गालियां देते हुए बनाया वीडियो, दो युवक गिरफ्तार

गाजियाबाद। फैजाबाद लोकसभा सीट से बीजेपी की हार के बाद वहां के लोगों को गाली देते हुए वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक युवक का नाम दक्ष चौधरी है। दक्ष वही शख्स है जिसने चुनाव प्रचार के दौरान कन्हैया कुमार को थप्पड़ जड़ दिया था।

सहायक पुलिस आयुक्त, शालीमार गार्डन, सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि 6 जून को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो के बारे में जानकारी मिली थी जिसमें मतदाताओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने की नीयत से अभद्र टिप्पणी की गई है। इसका तत्काल संज्ञान लेकर थाना टीला मोड़ पर केस दर्ज कर दोनों नामजद अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया गया है। गाजियाबाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 295ए और 504 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

आरोपी दक्ष चौधरी हिंदू रक्षा दल (एचआरडी) से भी जुड़ा हुआ है। वह गाजियाबाद के थाना टीला मोड़ इलाके का रहने वाला है। इससे पहले वह नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से कांग्रेस प्रत्याशी कन्हैया कुमार को थप्पड़ मारकर चर्चा में आया था।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH