जयपुर। विमानों में बम की धमकी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। देश की तमाम इंटरनेशनल फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिल रही है। बीती रात 12:45 पर एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX-196 को बम से उड़ाने की धमकी मिली। विमान दुबई से जयपुर आ रहा था। जयपुर में लैंड होते ही विमान को सुरक्षा कर्मियों ने घेर लिया। सुबह करीब 4:30 बजे तक फ्लाइट की चेकिंग की गई।
जानकारी के मुताबिक फ्लाइट आधी रात करीब 1 बजकर 20 मिनट पर जयपुर एयरपोर्ट पर लैंड की। लैंड होते ही सुरक्षा कर्मियों ने फ्लाइट को घेर लिया। चप्पे-चप्पे पर जांच शुरु की गई। फ्लाइट के साथ ही यात्रियों की भी जांच की गई। फ्लाइट में 189 यात्री सवार थे। यह जांच पड़ताल करीब तीन घंटे चली। सुबह 4:30 बजे के बाद इसे पूरा किया जा सका। जांच में सब कुछ सामान्य पाया गया। धमकी मिलने से यात्री सहम गए। जांच के बाद लोगों ने चैन की सांस ली।




