Top NewsUttar Pradesh

हापुड़ में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शार्प शूटर नवीन कुमार एनकाउंटर में ढेर, दो पुलिसकर्मी भी घायल

हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में बुधवार देर रात यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कुख्यात शार्प शूटर नवीन कुमार को मुठभेड़ में मार गिराया गया। इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक नवीन कुमार लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शार्प शूटर था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल टीम और यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट को नवीन के बारे में इनपुट मिला था, जिसके बाद वे उसे पकड़ने के लिए लगातार उसका पीछा कर रहे थे। खुद को पुलिस से घिरा हुआ देखकर बदमाश नवीन ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया।

नोएडा एसटीएफ के एडिशनल एसपी राज कुमार मिश्रा ने बताया कि नवीन कुमार अपने एक अन्य साथी के साथ बाइक पर सवार होकर हापुड़ पहुंचा था और एसटीएफ के अधिकारियों के मुताबिक वह इस क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए आया था। मुठभेड़ के दौरान उसका बाइक सवार दूसरा साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

राज कुमार मिश्रा ने आगे बताया कि मृतक नवीन पर करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज थे, जिनमें हत्या के 4, किडनैपिंग के 2, मकोका के 2 और गैंगस्टर आदि सहित अनेक गंभीर अपराधों के मामले शामिल हैं। नवीन लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ था और हाशिम गैंग इसके साथ मिलकर अपराध करता था। मृतक बदमाश के पास से एक मोटरसाइकिल और एक .32 बोर का हाईटेक हथियार बरामद हुआ है। बाकी अन्य चीजों की छानबीन अभी की जा रही है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH