NationalTop News

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशंस चलाने वाले अधिकारियों से की मुलाकात

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशंस चलाने वाले अधिकारियों से मुलाकात की। अमित शाह ने एक्स पर कहा कि हाल ही में नक्सलवाद के विरुद्ध चलाए गए अभियानों में अहम भूमिका निभाने वाले अधिकारियों से भेंट कर ऑपरेशंस की ऐतिहासिक सफलता पर उन्हें बधाई दी। इस मौके पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहे।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि इन अभियानों को अपनी बहादुरी से सफल बनाने वाले जवानों से भी मिलने के लिए उत्सुक हूं और जल्द ही छत्तीसगढ़ आकर उनसे भेंट करूंगा। मोदी सरकार नक्सलवाद के दंश से भारत को मुक्त करने के लिए संकल्पित है।

बता दें कि झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबल लगातार एक्शन ले रहे हैं। सबसे ज्यादा नक्सली छत्तीसगढ़ में मारे जा रहे हैं। यहां पर कुछ नक्सली सरेंडर भी कर रहे हैं। इससे पहले शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में सात नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले सात में से दो नक्सलियों पर इनाम था। अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में जुगलू उर्फ सुंडुम कोवासी (23), दशा उर्फ बुरकू पोड़ियाम (26), भोजा राम माड़वी (48), लखमा उर्फ सुती (26), रातू उर्फ ओठे कोवासी (25), सुखराम पोड़ियाम (25) और पण्डरू राम पोड़ियाम (45) ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण किया। उन्होंने बताया कि नक्सली सदस्य जुगलू और दशा पर 50-50 हजार रुपये का इनाम है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH