RegionalTop News

बिहार : विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा ऐलान, दिवाली और छठ पर घर लौटने के लिए सरकार चलाएगी बसें

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की एनडीए सरकार ने राज्य से बाहर रहनेवाले लोगों को एक खास सौगात देने जा रही है। जी हां, अक्सर इन लोगों को त्योहारों के मौके पर घर वापस लौटने में तमाम तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इन लोगों को राहत दिलाने के लिए, पर्व-त्योहारों में घर आने के लिए एनडीए सरकार बसें चलाएगी। खासकर छठ, होली, दीपावली और दुर्गा पूजा जैसे त्योहारों के दौरान लोगों को अब ज्यादा परेशानी नहीं उठानी होगी। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने एक्स पर एक पोस्ट में यह ऐलान किया है।

सम्राट चौधरी ने अपने पोस्ट में लिखा- पर्व-त्योहारों में घर आने के लिए एनडीए सरकार बसें चलाएगी। खासकर छठ, होली, दीपावली और दुर्गा पूजा जैसे त्योहारों के दौरान जो लोग दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और पश्चिम बंगाल से अपने घरों की ओर प्रस्थान करते हैं, उनकी सुगम व्यवस्था के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। इस दिशा में, बिहार से जुड़े अंतर्राज्यीय मार्गों पर 299 ए.सी. और नॉन ए.सी. बसों का परिचालन किया जाएगा।

24 जून 2025 को आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई है। राज्य सरकार 75 वातानुकूलित और 74 डीलक्स बसों की खरीद पर 105.82 करोड़ रुपये का खर्च करेगी। इसके अतिरिक्त, सार्वजनिक-निजी भागीदारी के अंतर्गत 150 अतिरिक्त ए.सी. बसों का परिचालन भी किया जाएगा। राज्य सरकार त्योहारों, विशेष रूप से छठ, होली, दीपावली और दुर्गा पूजा के अवसर पर, केंद्र सरकार से और अधिक विशेष ट्रेनों के संचालन का अनुरोध करेगी। इससे त्योहारों के दौरान लोगों को बिहार आने में सुविधा होगी और वे सुगमता से अपने घरों तक पहुंच सकेंगे।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH