NationalTop News

पटना में अपराध बेलगाम: अस्पताल में कैदी को मारी गोली, शाहपुर में युवक की बेरहमी से हत्या

बिहार की राजधानी पटना में एक बार फिर अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए हैं। प्रदेश में लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं अब राष्ट्रीय बहस का मुद्दा बन चुकी हैं। विपक्ष सरकार पर विफलता का आरोप लगा रहा है, वहीं पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। इसके बावजूद, अपराध पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। ताजा घटनाक्रम में राजधानी पटना के एक अस्पताल में इलाज के लिए लाए गए कैदी को सरेआम गोली मार दी गई, जबकि दूसरी ओर शाहपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। इन वारदातों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अस्पताल में घुसकर कैदी को मारी गोली

शास्त्री नगर थाना क्षेत्र स्थित पारस अस्पताल में गुरुवार को चार की संख्या में आए हथियारबंद अपराधियों ने अस्पताल के अंदर दाखिल होकर चंदन मिश्रा नामक कैदी को गोली मार दी। गोली लगते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। घायल चंदन मिश्रा मूल रूप से बक्सर का रहने वाला है और केसरी हत्याकांड में नामजद आरोपी है। वह वर्तमान में बेउर जेल में बंद था और इलाज के लिए पैरोल पर अस्पताल लाया गया था। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

शाहपुर में युवक की हत्या, इलाके में दहशत

वहीं, पटना से सटे शाहपुर थाना क्षेत्र में देर रात एक युवक की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। लगातार हो रही इन आपराधिक घटनाओं ने राज्य की कानून-व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है। जनता के साथ-साथ राजनीतिक दलों ने भी सरकार से जवाब मांगना शुरू कर दिया है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH