मध्य प्रदेश के खंडवा में जनसुनवाई के दौरान एक अनोखा मामला सामने आया, जिसे सुनकर कलेक्टर समेत वहां मौजूद सभी लोग मुस्कुरा उठे। आमतौर पर जनसुनवाइयों में शिकायतें पानी, बिजली, सड़क या सरकारी योजनाओं से जुड़ी होती हैं, लेकिन इस बार मामला कुछ हटकर था।
दरअसल, एक नेत्रहीन भिखारी शफीक जनसुनवाई में अपनी “घरेलू समस्या” लेकर पहुंचा। शफीक ने कलेक्टर ऋषव गुप्ता के सामने कहा, “मेरी दो पत्नियां हैं और मैं दोनों को साथ रखना चाहता हूं, लेकिन वे आपस में झगड़ती रहती हैं। रोजाना का झगड़ा ऐसा होता है कि मैं ठीक से भीख भी नहीं मांग पाता।”
शफीक की इस अजीब-सी लेकिन गंभीर फरियाद को सुनकर पहले तो कलेक्टर मुस्कराए, फिर उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे महिला एवं बाल विकास विभाग को सौंप दिया। विभाग को निर्देश दिया गया है कि दोनों पत्नियों के बीच सुलह कराने की कोशिश की जाए ताकि परिवारिक माहौल सुधरे।यह मामला जनसुनवाई में मौजूद लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना रहा, और सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गया।




