RegionalTop News

छत्तीसगढ़ में साय मंत्रिमंडल का विस्तार, तीन नए मंत्रियों ने ली शपथ

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया। शुक्रवार को राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने राजेश अग्रवाल, गुरु खुशवंत साहेब और गजेंद्र यादव को मंत्री पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा सहित कैबिनेट के अन्य सदस्य एवं विधायक मौजूद रहे।

सीएम साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर नए मंत्रियों को बधाई देते हुए लिखा, “आज शपथ लेने वाले मेरे कैबिनेट के नए सदस्य गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत साहेब और राजेश अग्रवाल को हार्दिक शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि सभी मंत्रीगण निष्ठा और लगन के साथ जनता की सेवा करेंगे और विकास व सुशासन का नया अध्याय लिखेंगे।

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद साय सरकार में कुल 14 मंत्री हो गए हैं। यह संख्या संवैधानिक प्रावधानों के तहत अधिकतम सीमा है। 90 सदस्यीय विधानसभा वाले छत्तीसगढ़ में मंत्रिपरिषद का आकार विधानसभा की कुल संख्या के 15 प्रतिशत से अधिक नहीं हो सकता, यानी 13.5। ऐसे में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 14 मंत्री बन सकते हैं।

छत्तीसगढ़ में पिछली सरकार तक मंत्रियों की संख्या 13 थी, लेकिन इस बार ‘हरियाणा मॉडल’ को अपनाते हुए मंत्रिमंडल की संख्या 14 की गई है। दिसंबर 2023 में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने शपथ ली थी। इसके बाद 22 दिसंबर को नौ मंत्रियों को शामिल किया गया था। रायपुर दक्षिण के विधायक और मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के लोकसभा चुनाव जीतने के बाद इस्तीफे से मंत्रिमंडल में खाली पद रह गया था, जिसे अब भर दिया गया है।

सामाजिक समीकरण

साय मंत्रिमंडल में अब सात मंत्री ओबीसी, तीन मंत्री अनुसूचित जनजाति, दो अनुसूचित जाति और दो सामान्य वर्ग से हैं। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ही एकमात्र महिला मंत्री हैं। खास बात यह है कि आज शपथ लेने वाले तीनों मंत्री अग्रवाल, खुशवंत और यादव पहली बार विधायक बने हैं।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH