NationalTop News

18 साल बाद जेल से बाहर आएगा अंडरवर्ल्ड डॉन अरुण गवली, सुप्रीम कोर्ट ने दी जमानत

नई दिल्ली/मुंबई। अंडरवर्ल्ड डॉन और पूर्व विधायक अरुण गवली को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने उनकी जमानत याचिका मंजूर कर ली है, जिसके बाद गवली लगभग 18 साल बाद जेल से बाहर आएगा। वह इस समय नागपुर सेंट्रल जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा था।

कब रिहा होगा गवली?

गवली के वकील मीर नगमान अली ने जानकारी दी कि सुप्रीम कोर्ट ने जमानत देते हुए दो आधारों पर राहत दी है। पहला, गवली ने 18 साल जेल में गुज़ार लिए हैं और दूसरा, उनकी उम्र 73 साल हो चुकी है। अदालत के आदेश के बाद उम्मीद है कि गवली अगले एक-दो दिन में जेल से बाहर आ जाएगा।

क्या था मामला?

अरुण गवली का नाम 2007 में मुंबई के शिवसेना पार्षद कमलाकर जामसांदेकर की हत्या के मामले में सामने आया था। 2012 में मुंबई सत्र न्यायालय ने गवली को उम्रकैद की सजा सुनाई थी और उस पर 17 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था। सजा काटने के लिए उसे नागपुर जेल भेज दिया गया था।गौरतलब है कि गवली राजनीति से भी जुड़ा रहा है। वर्ष 2004 में वह मुंबई की एक विधानसभा सीट से *विधायक* चुना गया था।

सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी

न्यायमूर्ति एम.एम. सुंदरेश और न्यायमूर्ति एन. कोटिश्वर सिंह की पीठ ने गवली की याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि वह लंबे समय से जेल में है और उम्रदराज हो चुका है। इसलिए निचली अदालत द्वारा तय नियमों और शर्तों के तहत उसे जमानत दी जाती है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH