NationalTop News

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही बाढ़ प्रभावित इलाकों का करेंगे दौरा

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लेंगे। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, उत्तर भारत के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बाढ़ और भूस्खलन के कारण सड़कों, घरों और संपत्तियों को भारी नुकसान हुआ है, जबकि कई लोगों की जान भी गई है।

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री इनमें से कुछ इलाकों का दौरा कर स्थिति का आकलन करेंगे। उनका यह दौरा ऐसे समय पर हो रहा है जब कई राज्य सरकारों ने केंद्र से राहत और वित्तीय सहायता की मांग की है।

शिवराज सिंह चौहान ने किया पंजाब का दौरा

इससे पहले, गुरुवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब के अमृतसर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अमृतसर में उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने स्थिति का आकलन करने के लिए दो केंद्रीय दल भी भेजे हैं, जो अपनी रिपोर्ट जल्द ही सरकार को सौंपेंगे।

पत्रकारों से बातचीत में चौहान ने कहा, “पंजाब हमेशा देश और मानवता की सेवा में सबसे आगे रहा है। लेकिन इस समय बाढ़ ने यहां गंभीर संकट पैदा कर दिया है। कई गांव डूब गए हैं और खेत पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। केंद्र सरकार इस कठिन समय में पंजाब के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है।उन्होंने आगे कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री ने ही पंजाब भेजा है ताकि वे हालात का जायजा लें और प्रभावित लोगों से बातचीत करें। अधिकारियों के मुताबिक, पंजाब में बाढ़ से अब तक 37 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3.55 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा, 1.75 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH