NationalTop News

दिल्ली से रांची तक आतंकी नेटवर्क पर शिकंजा, IS लिंक उजागर

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस मॉड्यूल का सरगना अशर दानिश IED बनाने के दौरान घायल हो गया था और उसकी आंख में चोट आई थी। बताया जा रहा है कि इस नेटवर्क में करीब 50 लोग सक्रिय थे, लेकिन इनमें से सिर्फ 5 को ही पूरी आतंकी साजिश की जानकारी थी। ये आपस में बातचीत के लिए सिग्नल ऐप का इस्तेमाल करते थे।

पांच राज्यों में छापेमारी

एजेंसियों ने दिल्ली, मुंबई और झारखंड समेत 5 राज्यों में एक साथ कार्रवाई की। बेंगलुरु से 11 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया, जिनमें से 7 को सबूत न मिलने पर छोड़ दिया गया। वहीं, दिल्ली के निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से मुंबई के रहने वाले दो संदिग्ध आतंकी आफताब और अबु सुफियान को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से तीन पिस्टल, बड़ी मात्रा में कारतूस और IED बनाने का सामान बरामद हुआ। दोनों मेवात से हथियार खरीदकर मुंबई ले जाने की फिराक में थे।

मॉड्यूल का सरगना गिरफ्तार

झारखंड के रांची से इस मॉड्यूल के मास्टरमाइंड अशर दानिश को भी दबोचा गया। वह बोकारो का रहने वाला है और इस्लामिक स्टेट से जुड़े नेटवर्क से संपर्क में था। उसके ठिकाने से भी केमिकल और IED बनाने का सामान मिला है। सूत्रों के मुताबिक, दानिश कई महीनों से एजेंसियों की निगरानी में था।

IS के नेटवर्क से जुड़े लिंक

सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के संबंध इस्लामिक स्टेट के अन्य नेटवर्क से भी हैं और वे भारत में संगठन के एजेंडे को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे थे। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, झारखंड ATS और रांची पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में इन संदिग्धों को पकड़ा गया है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH