NationalTop News

झारखंड: हजारीबाग में सुरक्षाबलों ने 3 माओवादी ढेर, एक करोड़ का इनामी सहदेव सोरेन मारा गया

हजारीबाग। झारखंड से सोमवार सुबह बड़ी खबर सामने आई है। हजारीबाग जिले के गोरहर थाना क्षेत्र के पंतित्री जंगल में सुरक्षाबलों और भाकपा (माओवादी) के उग्रवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन माओवादी मारे गए। इनमें संगठन का कुख्यात केंद्रीय समिति सदस्य सहदेव सोरेन भी शामिल है, जिस पर 1 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मुठभेड़ सुबह करीब 6 बजे शुरू हुई। तलाशी के दौरान सहदेव सोरेन के साथ दो अन्य माओवादियों  रघुनाथ हेम्ब्रम (25 लाख का इनामी, विशेष क्षेत्र समिति सदस्य) और वीरसेन गंझू (10 लाख का इनामी, क्षेत्रीय समिति सदस्य) के शव बरामद किए गए। मौके से तीन एके-47 राइफलें भी मिलीं। ऑपरेशन में सुरक्षाबलों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है।

209 कोबरा की बड़ी सफलता

इस कार्रवाई में 209 कोबरा बटालियन की अहम भूमिका रही। 2025 में इस यूनिट ने नक्सल विरोधी अभियानों में बड़ी उपलब्धियां दर्ज की हैं। अब तक 20 कुख्यात नक्सली मारे जा चुके हैं, जिनमें 2 केंद्रीय समिति सदस्य, 2 बीजेएसएसी सदस्य, 4 क्षेत्रीय समिति सदस्य (जेडसीएम), 2 उप-क्षेत्रीय समिति सदस्य (एसजेडसीएम), 3 क्षेत्र समिति सदस्य (एसीएम) और कई अन्य शामिल हैं।इसके अलावा, 209 कोबरा ने तीन नक्सलियों को जिंदा पकड़ा है, जिनमें एक एसजेडसीएम, एक एसीएम और एक कैडर शामिल है।

भारी हथियार और ठिकाने नष्ट

कार्रवाई के दौरान जवानों ने 32 अत्याधुनिक ऑटोमैटिक हथियार, 345 किलो विस्फोटक, 88 डेटोनेटर और 2,500 से अधिक जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही 18 नक्सली ठिकाने और 39 बंकर ध्वस्त किए गए, जिससे संगठन की सैन्य और ऑपरेशनल क्षमता को गहरा झटका लगा है।झारखंड में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे इस निर्णायक अभियान ने उग्रवादियों के बीच दहशत फैला दी है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH