NationalTop News

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से तबाही, मंडी और शिमला में भूस्खलन

शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने हालात गंभीर बना दिए हैं। बीती रात से जारी बारिश के चलते मंडी और शिमला जिलों में बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ है। मंडी जिले के निहरी गांव में मलबे की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार मृतकों में 64 वर्षीय तांगू देवी, 33 वर्षीय कमला देवी और आठ माह का शिशु भीष्म सिंह शामिल हैं। वहीं, 65 वर्षीय खुबराम और 58 वर्षीय दर्शन देवी को राहत-बचाव दल ने जीवित बाहर निकाल लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मंडी की एसपी साक्षी वर्मा ने हादसे की पुष्टि की है।

इससे पहले भी सुंदरनगर उपमंडल के जंगमबाग इलाके में हुए भूस्खलन में सात लोगों की मौत हुई थी। अब निहरी में हुई इस त्रासदी ने एक बार फिर प्रशासन और लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हादसे की जानकारी मिलते ही एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी, डीएसपी भारत भूषण और अन्य अधिकारी मौके पर रवाना हो गए।

शिमला में सड़के बंद, वाहन दबे

राजधानी शिमला में भी हालात खराब हैं। हिमलैंड क्षेत्र में हुए बड़े भूस्खलन से कई वाहन मलबे में दब गए और सर्कुलर रोड पूरी तरह बंद हो गया, जिससे शहर की आवाजाही बाधित हो गई। बीसीएस इलाके में भी पेड़ गिरने और मलबा खिसकने से कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है।

मौसम विभाग ने मंडी, शिमला, सोलन, कांगड़ा, बिलासपुर और सिरमौर समेत कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों में बारिश कुछ कम हो सकती है, लेकिन फिलहाल मानसून के कमजोर पड़ने के संकेत नहीं हैं।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH