NationalTop News

भारत दौरे पर श्रीलंका की प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या, पीएम मोदी से की मुलाकात

श्रीलंका की प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या इन दिनों भारत के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। अपने दौरे के दूसरे दिन, शुक्रवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच विकास, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, नवाचार, और भारतीय मछुआरों के कल्याण जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “श्रीलंका की प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या का स्वागत करते हुए मुझे खुशी है। हमारी बैठक में शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, नवाचार और विकास से जुड़े मुद्दों पर सहयोग सहित कई विषयों पर सार्थक बातचीत हुई। करीबी पड़ोसी होने के नाते हमारा सहयोग दोनों देशों और क्षेत्र की समृद्धि के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

अमरसूर्या की यह भारत यात्रा उनके प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद पहली आधिकारिक विदेश यात्रा है। यह दौरा प्रधानमंत्री मोदी की छह महीने पहले हुई श्रीलंका यात्रा के प्रत्युत्तर स्वरूप हो रहा है। भारत प्रवास के दौरान उन्होंने शिक्षा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं तलाशने के लिए आईआईटी दिल्ली और दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज का दौरा किया।

हिंदू कॉलेज पहुंचने पर अमरसूर्या ने अपने छात्र जीवन की यादें साझा कीं। उन्होंने 1991 से 1994 के बीच दिल्ली विश्वविद्यालय से समाजशास्त्र में स्नातक की पढ़ाई की थी। उनके आगमन पर कॉलेज परिसर में संकाय सदस्यों और छात्रों में उत्साह देखने को मिला। कॉलेज प्रशासन ने दीवारों और गलियारों को पोस्टरों से सजाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानाचार्य अंजू श्रीवास्तव ने स्वयं श्रीलंकाई प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH