NationalTop News

ओडिशा में लुईसिंग घाटी में दर्दनाक सड़क हादसा, दो मजदूरों की मौत, आठ घायल

ओडिशा के बौद्ध-कंधमाल सीमा क्षेत्र स्थित लुईसिंग घाटी में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने एक पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पिकअप में सवार मजदूर बुरी तरह घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, पिकअप में करीब 10 मजदूर सवार थे जो कंधमाल जिले में सड़क निर्माण कार्य पूरा कर अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में सामने से आ रही हाइवा ने अचानक नियंत्रण खो दिया और सीधे पिकअप वाहन से टकरा गई।इस हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल कंटामाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही बचाव दल, अग्निशमन कर्मी, पुलिस और एम्बुलेंस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को स्ट्रेचर के जरिए अस्पताल ले जाया गया।फिलहाल पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि लुईसिंग घाटी क्षेत्र की सड़क संकरी और घुमावदार होने के कारण यहां हादसे अक्सर होते रहते हैं।

स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद शोक और दहशत का माहौल है। विशेषज्ञों का मानना है कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी और तेज रफ्तार ऐसी घटनाओं की मुख्य वजह है। सड़क हादसों पर नियंत्रण के लिए सरकार के साथ-साथ नागरिकों को भी यातायात नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH