EntertainmentNationalTop News

बिहार चुनाव के बीच खेसारी लाल यादव के मुंबई स्थित घर पर अवैध निर्माण का नोटिस

बिहार विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को लुभाने के लिए इस बार कई भोजपुरी कलाकार भी चुनावी मैदान में हैं। इन्हीं में से एक हैं लोकप्रिय गायक और अभिनेता खेसारी लाल यादव, जो छपरा विधानसभा सीट से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार हैं। चुनाव प्रचार में व्यस्त खेसारी लाल यादव को अब एक नई परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुंबई की मीरा रोड-भयंदर महानगरपालिका ने उनके घर पर अवैध निर्माण के मामले में नोटिस जारी किया है।

जानकारी के अनुसार, खेसारी लाल यादव के मीरा रोड स्थित घर में लोहे का एंगल और पत्राशेड लगाया गया है, जिसे महानगरपालिका ने अवैध करार दिया है। नोटिस में इन संरचनाओं को तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा अतिक्रमण विभाग द्वारा कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

 

 

 

 

फिलहाल बताया जा रहा है कि खेसारी लाल यादव का पूरा परिवार बिहार में चुनाव प्रचार में व्यस्त है और मुंबई स्थित घर पर ताला लगा हुआ है। ऐसे में नगरपालिका द्वारा अतिक्रमण-विरोधी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

छपरा विधानसभा सीट पर खेसारी लाल यादव की सीधी टक्कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार छोटी कुमारी से है। यह सीट भाजपा का पारंपरिक गढ़ मानी जाती है, लेकिन खेसारी लाल यादव की लोकप्रियता के कारण मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है। वहीं, इस सीट पर जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार पूर्व आईपीएस जयप्रकाश सिंह और निर्दलीय प्रत्याशी पूर्व मेयर राखी गुप्ता भी चुनावी मैदान में हैं, जिससे यह लड़ाई चतुष्कोणीय बन गई है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH