Top NewsUttar Pradesh

क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर 2.52 करोड़ की ठगी, साइबर क्राइम पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

रिपोर्ट – अनुराग श्रीवास्तव, कानपुर

कानपुर। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने क्रिप्टो करेंसी में निवेश का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों राम निवास, राम दिनेश और महेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

एडीसीपी अंजलि विश्वकर्मा के अनुसार, अगस्त 2025 में आरोपियों ने एक व्यक्ति को मैसेज भेजकर क्रिप्टो करेंसी में निवेश का आकर्षक प्रस्ताव दिया था। बातचीत के दौरान उन्होंने पीड़ित को अधिक मुनाफे का भरोसा दिलाया। आरोपियों की बातों में आकर पीड़ित ने करीब 2.52 करोड़ रुपये की रकम 13 अलग-अलग बैंक खातों में जमा कर दी। रकम भेजने के बाद आरोपियों ने अपना मोबाइल नंबर बंद कर दिया और फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी राम निवास के मोबाइल से करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपये की क्रिप्टो करेंसी के लेनदेन से जुड़े साक्ष्य मिले। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से कई मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज और डिजिटल वॉलेट की जानकारी बरामद की।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ ठगी, धोखाधड़ी और साइबर अपराध से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और ठगी में शामिल सभी खातों की जांच की जा रही है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH