RegionalTop News

आरजेडी सांसद संजय यादव का एनडीए पर हमला, प्रधानमंत्री से पूछा – बिहार को अब तक क्या दिया?

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) कोटे से राज्यसभा सांसद संजय यादव ने एनडीए गठबंधन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पिछले 11 साल से देश का नेतृत्व कर रहे हैं और बीते 20 वर्षों से बिहार में एनडीए की सरकार रही है, लेकिन बिहार को विकास की राह पर आगे बढ़ाने के लिए क्या ठोस काम किए गए, यह आज तक नहीं बताया गया।

संजय यादव ने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि 11 साल के शासनकाल में बिहार को विकास कार्यों के लिए कितना बजट दिया गया और गुजरात को कितना? उन्होंने कहा कि जिस अनुपात में बिहार ने बीजेपी को लोकसभा सीटें दीं, उससे कहीं अधिक योगदान बिहार का रहा है, फिर भी बिहार की अनदेखी की गई।

आरजेडी सांसद ने पूछा कि बिहार में अब तक कितने उद्योग-धंधे लगाए गए, कुल कितना निवेश हुआ, गुजरात में प्रति व्यक्ति आय कितनी बढ़ी और बिहार में कितनी? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को यह भी बताना चाहिए कि आधारभूत संरचना, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बिहार के लिए कितना निवेश किया गया।

संजय यादव ने कहा कि जब किसी के पास अपनी उपलब्धियां बताने के लिए कुछ नहीं होता, तो वह जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बिहार के युवाओं का मजाक उड़ा रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि बिहार के युवाओं को नौकरी से वंचित किया गया। रेलवे की भर्तियां बंद कर दी गईं, एसएससी की नौकरियां रद्द कर दी गईं और सेना भर्ती के लिए अग्निवीर योजना लागू कर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार ने 11 वर्षों में देशभर में रोजगार के अवसर नहीं बढ़ाए। संजय यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री और उनके सहयोगी नेताओं को बताना चाहिए कि उन्होंने बिहार में रोजगार, उद्योग, गरीबी, महंगाई और बेरोजगारी रोकने के लिए कौन-से ठोस कदम उठाए हैं।संजय यादव ने कहा कि बिहार में रोजगार और विकास की लकीर तेजस्वी यादव ने खींची है और वह सकारात्मक मुद्दों पर राजनीति कर रहे हैं, जबकि एनडीए नेता सिर्फ “राजनीतिक पर्यटन” में व्यस्त हैं

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH