RegionalTop News

शपथ ग्रहण के दिन अनंत सिंह को बड़ा झटका, दुलारचंद यादव हत्याकांड में जमानत याचिका खारिज

बिहार विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत हासिल करने के बाद आज एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनी। पटना के गांधी मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और 26 मंत्रियों ने शपथ ली।

इसी बीच मोकामा से जदयू विधायक बने बाहुबली नेता अनंत सिंह के लिए बुरी खबर आई है। चुनावी प्रचार के दौरान जन सुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या मामले में दायर उनकी जमानत याचिका पटना सिविल कोर्ट ने खारिज कर दी है। इस मामले में उन्हें वोटिंग से पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।

चुनावी प्रचार के दौरान मोकामा में एनडीए उम्मीदवार अनंत सिंह और जन सुराज प्रत्याशी प्रियदर्शी पीयूष की रैली में विवाद और झड़प हुई थी। इसी दौरान दुलारचंद यादव की गोली लगने से मौत हो गई थी। घटना में अनंत सिंह सहित कई लोगों पर आरोप लगा और कई पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की गई।हालांकि अनंत सिंह चुनाव जीत गए, लेकिन जेल में होने के कारण वे शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हो सके। उनकी ओर से दायर जमानत याचिका को आज अदालत ने सुनवाई के दौरान खारिज कर दिया।

14 नवंबर 2025 को जारी नतीजों के अनुसार, जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह को कुल 91,416 वोट प्राप्त हुए। उन्होंने राजद उम्मीदवार वीणा देवी को 28,206 मतों के अंतर से मात दी। वीणा देवी को कुल 63,210 वोट मिले। जन सुराज उम्मीदवार प्रियदर्शी पीयूष 19,365 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे और उन्हें अनंत सिंह से 72 हजार से अधिक वोटों से हार मिली। इस फैसले के बाद अनंत सिंह की जेल से बाहर आने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH