National

2026 तक देश से नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त कर देंगे : अमित शाह

अहमदाबाद। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अपने गृह राज्य गुजरात के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने भुज में आयोजित बीएसएफ के 61वें स्थापना दिवस समारोह में हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम बीएसएफ की 71वीं बटालियन के परिसर में आयोजित हुआ।

समारोह में संबोधन देते हुए अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित इलाकों में बीएसएफ ने महत्वपूर्ण सफलताएँ हासिल की हैं। केवल छत्तीसगढ़ में ही बीएसएफ ने 127 माओवादियों का आत्मसमर्पण करवाया, 73 को गिरफ्तार किया, और 22 को निष्प्रभावी किया है।

अमित शाह ने यह भी बताया कि बीएसएफ ने अब तक 12 लाख 95 हजार करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ और 18,000 किलोग्राम से अधिक मात्रा में ड्रग्स जब्त किए हैं। उन्होंने कहा कि तिरुपति से पशुपति कॉरिडोर तक की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

गृहमंत्री ने बीएसएफ की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि सीमा सुरक्षा बल देश की सभी सीमाओं पर घुसपैठ रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जवान दिन-रात सजग रहकर सीमाओं की रक्षा करते हैं, जिसकी वजह से देशवासियों को सुरक्षित वातावरण मिलता है।

अमित शाह ने भरोसा दिलाया कि सीमा पर किसी भी घुसपैठिए को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा, और जो घुस आए हैं, उन्हें भी चिन्हित कर देश से बाहर निकाला जाएगा।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH