गोवा के चर्चित नाइट क्लब ‘Birch by Romeo Lane’ में लगी आग के मामले में जांच एजेंसियों ने क्लब मालिक गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा को घेरे में ले लिया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों भाइयों ने दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है।
सूत्रों के अनुसार, आग की घटना के बाद 7 दिसंबर को लूथरा ब्रदर्स फ्लाइट से फुकेट रवाना हो गए थे। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उनकी कथित फरारी में किसने मदद की। इसी बीच, उनके बिजनेस पार्टनर अजय गुप्ता को बुधवार को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। गुप्ता पहले ही लुकआउट नोटिस का सामना कर रहा था। गिरफ्तारी से पहले उसने खुद को अस्पताल में भर्ती करा लिया था, लेकिन पुलिस ने वहीं से उसे हिरासत में ले लिया।
गोवा पुलिस ने पुष्टि की कि अजय गुप्ता को दिल्ली में पकड़ा गया है। वहीं, लूथरा ब्रदर्स के खिलाफ इंटरपोल ने ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, यह नोटिस घटना के केवल दो दिन बाद जारी हुआ, जबकि सामान्यतः ऐसी प्रक्रिया में एक सप्ताह या इससे अधिक समय लगता है। यह नोटिस आरोपियों को ट्रेस करने और उन्हें किसी अन्य देश में जाने से रोकने में अहम भूमिका निभाता है। गोवा पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के चलते यह कार्रवाई बेहद तेज गति से पूरी की गई।




