जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर से सटे चौमू कस्बे में शुक्रवार तड़के उस समय तनाव फैल गया, जब कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। घटना चौमू बस स्टैंड क्षेत्र की है, जहां यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए चल रहे कार्य के दौरान विवाद उत्पन्न हो गया।
जानकारी के अनुसार, बस स्टैंड के पास स्थित एक मस्जिद के बाहर सड़क किनारे पड़े पत्थरों को हटाने के बाद स्थिति बिगड़ी। इन पत्थरों के कारण लंबे समय से क्षेत्र में जाम की समस्या बनी हुई थी। एक दिन पहले ही इस मुद्दे को लेकर पुलिस-प्रशासन और मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई थी, जिसमें आपसी सहमति से करीब 45 वर्षों से सड़क किनारे पड़े पत्थरों को हटाने का निर्णय लिया गया था। यह कार्य शांतिपूर्ण ढंग से पूरा भी कर लिया गया था।
हालांकि, शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे कुछ लोगों ने हटाए गए पत्थरों की जगह पर लोहे की रेलिंग लगाकर बाउंड्री बनाने का प्रयास शुरू कर दिया। पुलिस ने इसे सड़क पर अतिक्रमण मानते हुए रोकने की कोशिश की, जिसके बाद विवाद ने उग्र रूप ले लिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और पुलिस पर पथराव शुरू हो गया।
इस दौरान करीब 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पथराव में पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया गया। पुलिस ने 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।
घटना के बाद से इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। एहतियातन चौमू बस स्टैंड क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए प्रशासन ने 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात की निगरानी कर रहे हैं और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। पुलिस सीसीटीवी और वीडियो फुटेज के आधार पर पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



