मैरीलैंड/हैदराबाद। अमेरिका के मैरीलैंड राज्य में भारतीय मूल की 27 वर्षीय निकिता राव गोदिशाला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, निकिता की 31 दिसंबर को चाकू से हमला कर हत्या की गई। इस मामले में उनके पूर्व प्रेमी 26 वर्षीय अर्जुन शर्मा पर हत्या का आरोप है, जिसे भारत के तमिलनाडु से गिरफ्तार किया गया है।
हॉवर्ड काउंटी पुलिस विभाग के अधिकारियों ने 3 जनवरी को मैरीलैंड के एलिकॉट सिटी स्थित अर्जुन शर्मा के अपार्टमेंट से निकिता का शव बरामद किया। पुलिस का कहना है कि शव पर चाकू के निशान मिले थे। उस समय तक अर्जुन शर्मा फरार हो चुका था।
पुलिस के मुताबिक, 2 जनवरी को अर्जुन शर्मा ने स्थानीय पुलिस में निकिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि निकिता को आखिरी बार 31 दिसंबर की रात ट्विन रिवर्स रोड के 10100 ब्लॉक स्थित उसके अपार्टमेंट में देखा गया था। हालांकि, जांच में सामने आया कि रिपोर्ट दर्ज कराने के उसी दिन अर्जुन वाशिंगटन डीसी क्षेत्र के डलेस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से भारत के लिए रवाना हो गया था।
निकिता मूल रूप से हैदराबाद के सिकंदराबाद की रहने वाली थीं और मैरीलैंड के एलिकॉट सिटी में रहती थीं। वह व्हेदा हेल्थ में डेटा एनालिस्ट के रूप में कार्यरत थीं। उन्होंने हैदराबाद के जवाहरलाल नेहरू प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से फार्मेसी की पढ़ाई की थी और बाद में मैरीलैंड विश्वविद्यालय से हेल्थ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में मास्टर डिग्री हासिल करने के लिए अमेरिका गई थीं।
पुलिस ने बताया कि अर्जुन शर्मा और निकिता का ब्रेकअप हो चुका था, हालांकि वे सामान्य रूप से एक-दूसरे से मिलते-जुलते रहते थे। 31 दिसंबर के बाद से निकिता से संपर्क न होने पर उनके दोस्तों को चिंता हुई और उन्होंने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच एजेंसियों के अनुसार, अर्जुन शर्मा को भारत में गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे अमेरिका लाने की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।




