हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को नाभा रियासत के महाराजा रिपुदमन सिंह के वंशज कुंवर अभि उदय प्रताप सिंह की दस्तारबंदी रस्म में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने शाही परिवार को 124 वर्ष पुरानी परंपरा को पुनर्जीवित करने के लिए बधाई दी और उम्मीद जताई कि कुंवर अभि उदय प्रताप सिंह अपने पूर्वजों की तरह पंजाब और सिख धर्म की सेवा करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री सैनी ने पंजाब की मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने दावा किया कि चोरी, डकैती और हत्याओं की घटनाएं बढ़ रही हैं और नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार महिलाओं को वादा किया गया 1100 रुपये मासिक भत्ता अब तक नहीं दे पाई है। सैनी ने कहा कि भ्रष्टाचार और दफ्तरों में रिश्वतखोरी से जनता परेशान है और यही वजह है कि लोग सत्ता परिवर्तन चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की सरकार बनने पर पंजाब को विकास की नई दिशा मिलेगी।
पटियाला जिले के नाभा स्थित हीरा महल में आयोजित इस समारोह में करीब 124 वर्षों के बाद शाही दस्तारबंदी की परंपरा को पुनर्जीवित किया गया। नाभा रियासत के प्रतिष्ठित महाराजा रिपुदमन सिंह के प्रपौत्र कुंवर अभि उदय प्रताप सिंह की दस्तारबंदी सिख और शाही परंपराओं के अनुसार पूरे धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुई।
दस्तारबंदी से पहले गुरुद्वारा दरबार सिरोपाओ साहिब में 48 घंटे तक एक चौंकड़े में बैठकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब का अखंड पाठ किया गया। पाठ की समाप्ति पर अरदास गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब के हेड ग्रंथी भाई हरपाल सिंह ने करवाई। इसके बाद पारंपरिक मर्यादा के अनुसार दस्तारबंदी की रस्म अदा की गई।
इस ऐतिहासिक अवसर पर डेरा ब्यास प्रमुख संत गुरिंदर सिंह ढिल्लों, पंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां, कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां और पर्यटन मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने बताया कि 124 वर्ष पहले इसी स्थान पर भाई नारायण सिंह ने इसी परंपरा के तहत श्री गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ किया था, जिसे दोहराया जाना गर्व का विषय है।
विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि महाराजा रिपुदमन सिंह ने जिस तरह पंजाब, सिख धर्म और देश की सेवा की, उसी तरह उनके वंशजों से भी समाज को बड़ी अपेक्षाएं हैं। पर्यटन मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने दीवान टोडर मल हेरिटेज फाउंडेशन के माध्यम से रानी प्रीति सिंह नाभा द्वारा ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में महारानी उमा सिंह, भानु प्रताप सिंह और रानी प्रीति सिंह नाभा ने संगत और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कुंवर अभि उदय प्रताप सिंह ने कहा कि हर सिख परिवार को अपने बच्चों की दस्तारबंदी अवश्य करानी चाहिए, ताकि नई पीढ़ी अपने गौरवशाली इतिहास से जुड़ी रहे।




