मध्य प्रदेश के इंदौर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पुलिस के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया है। परदेशीपुरा चौराहे के पास स्थित सुगना देवी मैदान में एक महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाई गई। महिला के शरीर पर कपड़े बेहद कम थे और उस पर चोट के कई निशान मौजूद थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को तुरंत एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया।
घटनास्थल का निरीक्षण करने के दौरान पुलिस को महिला के प्राइवेट पार्ट के पास एक टैटू मिला, जिस पर लिखा था, “नशे में हूं, दूर रहो।” इस टैटू ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि टैटू के पीछे क्या मकसद था और इसका इस घटना से कोई सीधा संबंध है या नहीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुगना देवी मैदान और उसके आसपास का इलाका लंबे समय से नशेड़ियों का अड्डा बना हुआ है, जिसकी शिकायतें पहले भी की जा चुकी हैं।
पुलिस ने क्या कहा
मामले में डीसीपी कुमार प्रतीक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल महिला को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि महिला पास के ही इलाके की रहने वाली है और कथित तौर पर नशा करने वाले कुछ लोगों के संपर्क में रहती थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है या नहीं।
डीसीपी के अनुसार महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे मारपीट की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज में महिला को एक व्यक्ति के साथ मैदान की ओर जाते हुए देखा गया है। पुलिस ने बताया कि महिला के तीन बच्चे हैं, लेकिन फिलहाल परिवार का कोई भी सदस्य सामने नहीं आया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला के साथ क्या हुआ और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।




