SportsTop News

ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाक मैच को लेकर हलचल तेज, PCB और ICC अधिकारियों के बीच अहम बैठक

ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर जारी गतिरोध के बीच गतिविधियां तेज हो गई हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने 8 फरवरी को लाहौर में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम और ICC के डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा के साथ अहम बैठक की। इस बातचीत को भारत के खिलाफ प्रस्तावित मुकाबले के बहिष्कार को लेकर बने तनाव को सुलझाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

यह बैठक लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में हुई, जहां इमरान ख्वाजा विशेष रूप से PCB अधिकारियों से चर्चा करने पहुंचे थे। बैठक के बाद ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि 15 फरवरी को कोलंबो में प्रस्तावित हाई-वोल्टेज भारत-पाकिस्तान मुकाबले के आयोजन का रास्ता साफ हो सकता है। ICC में सिंगापुर का प्रतिनिधित्व करने वाले इमरान ख्वाजा को विश्व क्रिकेट के प्रभावशाली अधिकारियों में गिना जाता है, ऐसे में उनकी मौजूदगी को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम भी उन प्रयासों का हिस्सा हैं, जिनका उद्देश्य पाकिस्तान को भारत के खिलाफ मैच खेलने के फैसले पर पुनर्विचार के लिए राजी करना है। अमीनुल इस्लाम और इमरान ख्वाजा का लाहौर एयरपोर्ट पर सीनियर PCB अधिकारियों ने स्वागत किया, जिसके बाद वे सीधे गद्दाफी स्टेडियम पहुंचे। अमीनुल इस्लाम की भूमिका इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि मौजूदा विवाद की जड़ ICC का वह फैसला है, जिसमें भारत में खेलने से इनकार करने पर बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया गया था। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने वर्ल्ड कप मैच भारत से बाहर कराने की मांग की थी, जिसे ICC ने ठुकरा दिया था।

हाल ही में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा था कि भारत के खिलाफ न खेलने का रुख बांग्लादेश के समर्थन में अपनाया गया है, क्योंकि ICC ने उसके मैच को श्रीलंका स्थानांतरित करने की मांग नहीं मानी। हालांकि PCB और ICC के बीच बातचीत का सिलसिला जारी है, लेकिन भारत के खिलाफ खेलने या न खेलने का अंतिम फैसला पाकिस्तान सरकार को ही करना है। माना जा रहा है कि अगले 48 घंटों में इस मामले पर स्थिति और स्पष्ट हो सकती है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH