उत्तर प्रदेश के कानपुर में तेज रफ्तार लेम्बोर्गिनी कार का कहर देखने को मिला। एक तंबाकू कारोबारी के बेटे ने अपनी लग्जरी कार से सड़क पर तांडव मचाते हुए 6 से ज्यादा लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक बाइक सवार को इतनी जोरदार टक्कर लगी कि वह हवा में उछलकर करीब 10 फीट दूर जा गिरा, जिसके बाद लेम्बोर्गिनी बाइक के ऊपर ही चढ़ गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और गुस्साई भीड़ ने कार को घेर लिया।
यह घटना कानपुर के पॉश इलाके ग्वालटोली थाना क्षेत्र के रेव-3 के पास हुई। लेम्बोर्गिनी चला रहा युवक शिवम मिश्रा बताया जा रहा है, जो तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा का बेटा है। केके मिश्रा का कानपुर के साथ-साथ दिल्ली में भी बड़ा कारोबार है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब 3:15 बजे शिवम मिश्रा VIP रोड पर तेज रफ्तार में लेम्बोर्गिनी चला रहा था। रेव-3 के पास कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े वाहनों व राहगीरों को रौंदते हुए 6 से अधिक लोगों को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त वह नशे की हालत में था।
बुलेट बाइक को टक्कर मारने के बाद शिवम ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन कार बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस दौरान सड़क पर भारी जाम और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। शिवम के बाउंसर दूसरी कार में पीछे चल रहे थे। जब गुस्साए लोगों ने कार के शीशे तोड़कर उसे बाहर निकालने की कोशिश की, तो बाउंसरों ने लोगों के साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता शुरू कर दी, जिससे हालात और बिगड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लेम्बोर्गिनी कार को थाने ले गई। कारोबारी के बेटे समेत घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाउंसरों के व्यवहार से नाराज लोगों ने थाने में भी हंगामा किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि शिवम मिश्रा को लग्जरी कारों का शौक है और उसके पास कई महंगी गाड़ियां हैं, जिनमें ज्यादातर दिल्ली नंबर की हैं। उसके पिता केके मिश्रा की कंपनी ‘बंशीधर एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड’ तंबाकू के कारोबार से जुड़ी है और देश की कई बड़ी गुटखा कंपनियों को सप्लाई करती है। करीब दो साल पहले आयकर विभाग ने कंपनी के ठिकानों पर छापेमारी की थी, जिसमें दिल्ली की कोठी से 100 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की लग्जरी कारें बरामद हुई थीं। इनमें रोल्स-रॉयस फैंटम, लेम्बोर्गिनी, फरारी और मैकलारेन जैसी गाड़ियां शामिल थीं। उस दौरान बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी का भी खुलासा हुआ था। कानपुर की इस हाईप्रोफाइल घटना को लेकर पुलिस फिलहाल मीडिया से खुलकर जानकारी नहीं दे रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




