SportsTop News

क्रिकेटर रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज की शादी जून 2026 में, परिवार ने तारीख की तय

भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे रिंकू सिंह जल्द ही मैदान के बाहर अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश के जौनपुर से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज के साथ उनकी शादी अब जून 2026 में होगी। इंटरनेशनल क्रिकेट और IPL के व्यस्त कार्यक्रम के कारण शादी की तारीख पहले कई बार बदली गई, लेकिन अब परिवार ने जून 2026 पर अंतिम मुहर लगा दी है।

परिजनों के मुताबिक, यह फैसला रिंकू सिंह के क्रिकेट सीजन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि उन्हें शादी और पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए पर्याप्त समय मिल सके। इससे पहले शादी की तारीख 18 नवंबर 2025 तय की गई थी, जिसे बाद में फरवरी 2026 तक के लिए टाल दिया गया था, लेकिन T20 वर्ल्ड कप और IPL के चलते योजना फिर बदलनी पड़ी। रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई 8 जून 2025 को लखनऊ में हुई थी। यह एक हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम रहा, जिसमें समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला समेत राजनीति और खेल जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं। सगाई के बाद से ही दोनों की शादी को लेकर लगातार चर्चा बनी हुई है।

रिंकू सिंह के बड़े भाई सोनू सिंह के अनुसार, शादी के आयोजन स्थल को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। लखनऊ और वाराणसी को संभावित स्थानों के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, शादी के बाद अलीगढ़ में एक भव्य रिसेप्शन आयोजित होने की संभावना है, जिसमें राजनीति, क्रिकेट, फिल्म और समाजसेवा जगत की कई नामी हस्तियों के शामिल होने की चर्चा है।

गौरतलब है कि रिंकू सिंह को देशभर में पहचान IPL 2023 में मिली थी, जब उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ आखिरी ओवर में यश दयाल की गेंदों पर लगातार पांच छक्के लगाकर इतिहास रच दिया था। इसके बाद उन्होंने भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की की। अब क्रिकेट और राजनीति से जुड़े इस रिश्ते को लेकर फैंस और सियासी गलियारों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH