भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने साल 2025-26 के लिए खिलाड़ियों के सालाना सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की घोषणा कर दी है। नई सूची में जहां रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों के ग्रेड में बदलाव देखने को मिला है, वहीं युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन का नाम पूरी तरह से गायब है। इस फैसले के बाद फैंस और कई पूर्व क्रिकेटरों ने हैरानी जताई है।
ईशान किशन को क्यों नहीं मिला कॉन्ट्रैक्ट?
हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले ईशान किशन को अनुबंध न मिलने पर सवाल उठ रहे हैं। पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा समेत कई विशेषज्ञों ने इस पर प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल, BCCI का सालाना अनुबंध पिछले सीजन के प्रदर्शन और भागीदारी के आधार पर तय होता है। किसी खिलाड़ी को न्यूनतम ग्रेड-सी कॉन्ट्रैक्ट में शामिल होने के लिए 2024-25 सत्र में कम से कम 3 टेस्ट, 8 वनडे या 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलना जरूरी था। ईशान किशन ने 2024-25 सीजन में भारत के लिए एक भी आधिकारिक मैच नहीं खेला था। इसी वजह से वे पात्रता मानदंड पूरे नहीं कर सके और इस बार अनुबंध सूची से बाहर हो गए।
अगले सीजन में वापसी की उम्मीद
हालांकि राहत की बात यह है कि ईशान किशन पर किसी तरह का प्रतिबंध नहीं है। वे केवल निर्धारित मानकों को पूरा न कर पाने के कारण सूची में शामिल नहीं हो सके। मौजूदा 2025-26 सत्र में उनकी सक्रिय भागीदारी और फॉर्म को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि 2026-27 के कॉन्ट्रैक्ट में उनकी वापसी तय मानी जा रही है। वर्तमान अनुबंध 1 अक्टूबर 2025 से 30 सितंबर 2026 तक प्रभावी रहेगा।
रोहित-विराट का ग्रेड बदला
इस बार BCCI ने कॉन्ट्रैक्ट स्ट्रक्चर में बड़ा बदलाव करते हुए ‘ए+’ कैटेगरी (7 करोड़ रुपये) को समाप्त कर दिया है। चूंकि रोहित शर्मा और विराट कोहली अब सीमित प्रारूप में ही सक्रिय हैं, उन्हें नई संरचना के तहत ‘बी’ कैटेगरी में रखा गया है। इसे उनके ग्रेड में गिरावट के रूप में देखा जा रहा है।




