SportsTop News

T20 वर्ल्ड कप 2026: नामीबिया से भिड़ेगा भारत, अभिषेक की फिटनेस और बुमराह की वापसी पर नजर

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में ग्रुप-ए मुकाबले में नामीबिया का सामना करेगी। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी। इस मुकाबले के तीन दिन बाद भारत को कोलंबो में पाकिस्तान से हाई-वोल्टेज मैच खेलना है, ऐसे में टीम संयोजन के लिहाज से यह मैच बेहद अहम माना जा रहा है।

भारत ने 7 फरवरी को खेले गए अपने पहले मैच में अमेरिका को 29 रन से हराया था। उस मैच में टीम 77/6 के स्कोर पर संकट में थी, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 84 रन की शानदार पारी खेलकर भारत को 161/9 तक पहुंचाया। जवाब में भारतीय गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अमेरिका को 132/8 पर रोक दिया।

नामीबिया के खिलाफ मुकाबले से पहले भारतीय टीम के लिए खिलाड़ियों की फिटनेस चिंता का विषय बनी हुई है। ओपनर अभिषेक शर्मा पेट के संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती हुए थे, जिससे उनके खेलने पर संशय है। हालांकि तिलक वर्मा ने बताया कि अभिषेक को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है। अंतिम फैसला मैच से पहले लिया जाएगा। पाकिस्तान के खिलाफ अहम मुकाबले को देखते हुए टीम प्रबंधन कोई जोखिम नहीं लेना चाहेगा।

अगर अभिषेक उपलब्ध नहीं होते हैं तो संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में उनका प्रदर्शन औसत रहा था, जहां वह पांच मैचों में 46 रन ही बना सके थे। ऐसे में नामीबिया के खिलाफ संभावित मौका उनके लिए खुद को साबित करने का अवसर होगा। अमेरिका के खिलाफ पहले मैच में ईशान किशन को मौका दिया गया था।

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी की संभावना भी जताई जा रही है। वायरल फीवर के कारण वह पहले मैच में नहीं खेले थे, लेकिन अब अभ्यास सत्र में पूरी तरह फिट नजर आए हैं। सहायक कोच रयान टेन डोशेट के मुताबिक बुमराह ब्रेक के बाद गेंदबाजी कर रहे हैं और बेहतर महसूस कर रहे हैं। उनकी वापसी होने पर मोहम्मद सिराज को बाहर बैठना पड़ सकता है, जिन्होंने पिछले मैच में तीन विकेट लिए थे। स्पिन विभाग में वरुण चक्रवर्ती को मौका मिल सकता है, जबकि वॉशिंगटन सुंदर के खेलने की संभावना कम मानी जा रही है।

नामीबिया के खिलाफ संभावित भारतीय प्लेइंग इलेवन: ईशान किशन, संजू सैमसन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH