छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरगुजा जिले के मैनपाट में आयोजित तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए मैनपाट में पर्यटन विकास के लिए एक करोड़ रुपये और सीतापुर में सर्वसुविधायुक्त बस स्टैंड निर्माण की घोषणा की। साथ ही सरगुजा जिले में 523 करोड़ 20 लाख 53 हजार रुपये की लागत के 109 विकास कार्यों की सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मैनपाट महोत्सव सरगुजा की संस्कृति और अस्मिता को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस आयोजन के जरिए क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान देश-दुनिया तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि महोत्सव स्थानीय और बाहरी कलाकारों को मंच प्रदान करता है, जिससे उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र पर प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक माताओं-बहनों के खातों में प्रतिमाह एक हजार रुपये की राशि पहुंच रही है और अब तक 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के मार्गदर्शन तथा सुरक्षा बलों के साहस के कारण क्षेत्र में नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का तिब्बती समुदाय द्वारा पारंपरिक ‘ताशी शोपा’ नृत्य के साथ स्वागत किया गया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्री वितरित की। इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर प्रगति हो रही है। राज्य सरकार पर्यटन स्थलों के समग्र विकास और आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है। मैनपाट जैसे प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर स्थल पर पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं।विधायक राम कुमार टोप्पो ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। वहीं विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि महोत्सव के अवसर पर 500 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है, जिससे मैनपाट में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी।




