लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी के पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने रविवार, 15 फरवरी को सपा का दामन थाम लिया। इस अवसर पर पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि जब से हमारे साथ पूर्व मंत्री फूल बाबू आए हैं, तो किसी का फूल मुरझाता नहीं है। राजकुमार पाल के आने से हमारी पार्टी पहले से और मजबूत होगी।
अखिलेश ने निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग हमारे पूज्य शंकराचार्य का अपमान कर रहे हैं। हम शंकराचार्य के साथ हैं, क्योंकि शंकराचार्य हमेशा शंका से परे रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हमारे नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय का अपमान किया गया। जो लोग दूसरों के सर्टिफिकेट मांग रहे हैं, उनके पास खुद का सर्टिफिकेट कहाँ है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग Gen-Z से डर रहे हैं। हमारे युवा नेताओं ने कहा कि CM का मतलब करप्ट माउथ भी हो सकता है।
सच्चाई पर बात करते हुए अखिलेश ने कहा कि हवा की स्थिति पर मुख्यमंत्री योगी का बयान गलत है। लखनऊ वाले कहते हैं कि दिल्ली की हवा खराब है, लेकिन सच्चाई यह है कि दोनों जगह हवा खराब है। अखिलेश ने केंद्र सरकार की नीतियों पर भी टिप्पणी की और कहा कि भारत ने कई देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट कर लिए हैं। उन्होंने लोकसभा में सवाल किया कि क्या कोई ऐसा देश बचा है जिसके साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट नहीं हुआ, उसे भी कर लेना चाहिए।
मुख्यमंत्री योगी पर कटाक्ष करते हुए अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री खिलाड़ी तो हैं, लेकिन खेल नहीं खेल पा रहे हैं। उनकी सरकार में मंझा और गांजा लगातार पकड़ा जा रहा है, जनसुनवाई में भी सांड पहुँच रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि पकड़ा गया गांजा आखिर कहाँ जा रहा है। अखिलेश ने अंत में कहा कि हमारी पार्टी PDA (प्रोग्रेसिव, पॉजिटिव, और सबको साथ लेकर चलने वाली) है। नसीमुद्दीन सिद्दीकी के शामिल होने से PDA की लड़ाई और मजबूत होगी और हम मिलकर PDA की सरकार बनाएंगे।




