हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र इस बार 27 दिन तक चलेगा और राज्य सरकार ने इसका अस्थाई कार्यक्रम जारी कर दिया है। हरियाणा सरकार द्वारा विधानसभा सचिवालय को भेजे गए कार्यक्रम के अनुसार बजट सत्र 20 फरवरी से शुरू होगा और 18 मार्च को समाप्त होगा। वित्त मंत्री के रूप में मुख्यमंत्री Naib Singh Saini साल 2026-27 के लिए अपना दूसरा बजट 2 मार्च को पेश करेंगे।
अस्थाई कार्यक्रम के मुताबिक इस सत्र में कुल 13 अवकाश होंगे, यानी विधानसभा की कुल कार्यवाही 14 दिनों तक चलेगी। बजट सत्र की शुरुआत 20 फरवरी को सुबह 11 बजे राज्यपाल Prof. Asim Kumar Ghosh के अभिभाषण के साथ होगी। इसी दिन दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि भी दी जाएगी। 21 और 22 फरवरी को अवकाश रहेगा।
23 फरवरी से 26 फरवरी तक राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी। 27 फरवरी को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चर्चा के दौरान उठाए गए मुद्दों पर जवाब देंगे। 28 फरवरी और 1 मार्च को अवकाश रहेगा, जबकि 2 मार्च को मुख्यमंत्री बजट पेश करेंगे। अस्थाई कार्यक्रम में 3 मार्च को कोई सीटिंग नहीं होगी और 4 मार्च को होली का अवकाश रहेगा। 5 से 9 मार्च तक विधायकों के समूह बजट पर सिफारिश, संशोधन और सुझाव देंगे, इस दौरान विधानसभा की कार्यवाही नहीं होगी। 10 मार्च से 13 मार्च तक साल 2026-27 के वार्षिक आम बजट पर चर्चा होगी।
14 और 15 मार्च को अवकाश रहेगा। 16 मार्च को विधायकों द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट सदन में पेश की जाएगी और मुख्यमंत्री बजट पर हुई चर्चा के दौरान उत्तर देंगे। 17 मार्च को विधानसभा में विधायी कार्य होंगे और 18 मार्च को लंबित जरूरी विधायी कार्य पूरे किए जाएंगे। सत्र के दौरान प्रस्तावित बजट लगभग सवा लाख करोड़ रुपये का होने की संभावना है। अंतिम कार्यक्रम पर विधानसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की 19 फरवरी को बैठक में मुहर लगेगी और आवश्यक बदलाव किए जा सकते हैं।




