चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आगामी बजट सत्र को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि राज्य का बजट सत्र 20 फरवरी से शुरू होगा। सीएम ने बताया कि इस सत्र में जनकल्याण योजनाओं और भविष्य की विकास नीतियों पर खास फोकस रहेगा। सीएम ने कहा कि 2024 में सरकार ने 217 संकल्प जारी किए थे, जिनमें से 60 संकल्प एक साल के भीतर पूरे किए जा चुके हैं और 120 पर तेजी से काम चल रहा है। नए मंत्रिमंडल के गठन के बाद 17 अक्टूबर 2024 से कई बड़े फैसले लिए गए हैं।
-
रोजगार: युवाओं को रोजगार देने के लिए शपथ लेने के तुरंत बाद 25 हजार नौकरियों का निर्णय लागू किया गया।
-
स्वास्थ्य: 18 अक्टूबर से सभी सरकारी अस्पतालों में मुफ्त डायलिसिस की सुविधा शुरू।
-
महिला कल्याण: ‘लाड़ो लक्ष्मी योजना’ के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है, बजट में 5000 करोड़ रुपये का प्रावधान। अब तक चार किस्तें जारी की जा चुकी हैं।
-
गरीब परिवार: 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने की योजना लागू।
24 फसलों की MSP पर खरीद, CET में 13 लाख परीक्षार्थी शामिल
सीएम ने बताया कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर की जा रही है। इसी तरह, कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) का सफल आयोजन किया गया, जिसमें करीब 13 लाख अभ्यर्थियों ने भाग लिया। परीक्षार्थियों को घर से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की सुविधा भी सुनिश्चित की गई। पिछले बजट में जनता से 1592 सुझाव प्राप्त हुए, जिनमें से 706 को शामिल किया गया। अब 2025-26 के बजट के लिए 13 बैठकों में 2199 सुझाव और AI चैटबॉट के जरिए 12,400 से अधिक सुझाव प्राप्त हुए हैं।
हरियाणा की जीडीपी में 12.67% बढ़ोतरी, प्रति व्यक्ति आय देश से अधिक
29 जनवरी 2026 को जारी आंकड़ों के अनुसार हरियाणा की जीडीपी 13,67,769 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जो पिछले साल 12,13,951 करोड़ थी। राज्य की जीडीपी में 12.67% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 3,58,171 रुपये है, जो राष्ट्रीय औसत 2,19,575 रुपये से काफी अधिक है। हरियाणा इस मामले में देश के पांच शीर्ष राज्यों में शामिल है। सीएम सैनी ने कहा कि आने वाला बजट विकसित हरियाणा की मजबूत नींव रखेगा और लोगों को महसूस होगा कि यह सच में जनता का बजट है।




