Top NewsUttar Pradesh

सिद्धार्थनगर: 6 हजार की नौकरी, मिला 2 करोड़ का GST नोटिस, ठगों ने प्राइवेट टीचर के नाम पर खोल दी फर्जी फर्म

सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां डुमरियागंज के रहने वाले एक प्राइवेट टीचर को करीब दो करोड़ रुपये का जीएसटी नोटिस मिलने से हड़कंप मच गया।

डाक से आया 1.99 करोड़ का नोटिस

डुमरियागंज निवासी ओम प्रकाश वर्मा, जो महज 6-7 हजार रुपये महीने की नौकरी करते हैं, को 10 फरवरी को डाक के जरिए जीएसटी विभाग का नोटिस मिला। नोटिस में उनसे 1,99,42,313 रुपये टैक्स जमा करने को कहा गया था। इतनी बड़ी रकम देखकर उनके होश उड़ गए। ओम प्रकाश ने बताया कि वह एक साधारण प्राइवेट शिक्षक हैं और किसी तरह परिवार का गुजारा करते हैं। ऐसे में करोड़ों रुपये के लेनदेन और टैक्स नोटिस की बात सुनकर वह सदमे में आ गए।

पैन कार्ड का हुआ दुरुपयोग

मामले की जानकारी लेने जब वह सेल टैक्स विभाग पहुंचे तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि उनके पैन कार्ड का दुरुपयोग कर उनके नाम पर दिल्ली और फर्रुखाबाद में दो फर्में रजिस्टर की गई हैं। दिल्ली में ‘ओम ट्रेडर्स’ नाम की फर्म ने कथित तौर पर पिछले साल 11 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार दिखाया है। इसी आधार पर विभाग ने करीब दो करोड़ रुपये का टैक्स नोटिस जारी कर दिया। इसके अलावा फर्रुखाबाद में ‘वर्मा इंटरप्राइजेज’ नाम से भी एक फर्म उनके नाम पर दर्ज पाई गई। पीड़ित का कहना है कि उन्हें इन कंपनियों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

थाने में शिकायत, जांच की मांग

ओम प्रकाश वर्मा ने डुमरियागंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि वह एक गरीब व्यक्ति हैं और किसी साजिश के तहत उन्हें फंसाया जा रहा है। टैक्स विभाग के अधिकारियों ने भी स्वीकार किया है कि रिकॉर्ड में फर्में ओम प्रकाश के नाम पर दर्ज हैं। ऐसे में अब जांच एजेंसियों के सामने यह पता लगाने की चुनौती है कि आखिर किसने उनके दस्तावेजों का इस्तेमाल कर करोड़ों का फर्जी कारोबार खड़ा किया। फिलहाल पीड़ित न्याय की गुहार लगा रहा है और प्रशासन से असली दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH