Regional

आंध्र प्रदेश में दिल दहला देने वाली वारदात, टीवी की आवाज कम करने को कहा तो पत्नी ने पति को उतारा मौत के घाट

गुंटूर। आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिला से एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। जिले के मंगलागिरी स्थित टिडको आवास कॉलोनी में 27 वर्षीय शेख अहमद की कथित तौर पर उसकी पत्नी ने हत्या कर दी।

जानकारी के मुताबिक, शेख अहमद पेशे से एसी मैकेनिक था और अपनी पत्नी के साथ रहता था। घटना वाले दिन घर में टीवी की आवाज को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई। बताया जा रहा है कि अहमद ने पत्नी से टीवी की आवाज कम करने को कहा, जिसके बाद मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।

विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में पत्नी ने घर में रखे चाकू से अहमद पर कई वार कर दिए। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल अहमद को इलाज के लिए विजयवाड़ा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।

डॉक्टरों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन गहरी चोटों के कारण इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है, क्योंकि मामूली घरेलू विवाद ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH