SportsTop News

अहमदाबाद में भारत-दक्षिण अफ्रीका सुपर-8 मुकाबला, काली मिट्टी की पिच पर टिकी रहेंगी निगाहें

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण की शुरुआत हो चुकी है। 22 फरवरी को मेजबान भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। टूर्नामेंट में अब तक दोनों टीमों का प्रदर्शन शानदार रहा है और उन्होंने एक भी मैच नहीं गंवाया है। ऐसे में यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। खासतौर पर पिच और टॉस की भूमिका पर सभी की नजरें टिकी होंगी, क्योंकि अहमदाबाद में शाम के समय दूसरी पारी में ओस का असर देखने को मिलता है, जिससे बल्लेबाजी आसान हो जाती है।

काली मिट्टी की पिच पर होगा मुकाबला

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच यह सुपर-8 मैच काली मिट्टी की पिच पर खेला जाएगा। आमतौर पर यहां शाम के मुकाबलों में बड़े स्कोर बनते हैं, लेकिन काली मिट्टी की सतह पिच को थोड़ा धीमा बना सकती है, जिससे रन बनाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इसके बावजूद टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला ले सकती है। इस मैदान पर अब तक 12 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं। इनमें से 8 मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 4 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को सफलता मिली है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर लगभग 190 से 195 रनों के बीच रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। ऐसे में दर्शकों को पूरा मुकाबला देखने का अवसर मिलेगा।

अहमदाबाद में टीम इंडिया का दमदार रिकॉर्ड

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय टीम का रिकॉर्ड मजबूत रहा है। यहां भारत ने अब तक 9 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिनमें से 7 में जीत हासिल की है और 2 में हार का सामना करना पड़ा है। टीम इंडिया को यहां आखिरी हार साल 2021 में मिली थी। इसके बाद से भारतीय टीम ने यहां 5 मुकाबले खेले हैं और सभी में जीत दर्ज की है। खास बात यह है कि इन सभी मैचों में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जीत हासिल की है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH