RegionalTop News

पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव 2025-26 तत्काल प्रभाव से रद्द

पटना विश्वविद्यालय ने छात्र संघ चुनाव 2025-26 को शनिवार को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। यह चुनाव 28 फरवरी 2026 को प्रस्तावित था, जिसमें छात्र विभिन्न पदों के लिए अपने प्रतिनिधियों का चयन करने वाले थे। हालांकि हाल के दिनों में परिसर में हुई अप्रत्याशित और अमर्यादित घटनाओं को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह बड़ा फैसला लिया।

विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों में कैंपस का माहौल बिगड़ने की कई घटनाएं सामने आईं। पटना विमेंस कॉलेज परिसर में छात्रों के एक समूह द्वारा बिना अनुमति अनधिकृत प्रवेश कर नारेबाजी करने का मामला सामने आया। इसके अलावा चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतें भी मिलीं, जिनमें छपे हुए बैनर-पोस्टर का उपयोग, महंगी चार पहिया गाड़ियों का इस्तेमाल और निर्धारित समय से पहले प्रचार अभियान शुरू करना शामिल है।

शिक्षकों और पदाधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार

अधिसूचना के अनुसार 21 फरवरी 2026 को पटना साइंस कॉलेज में एक कक्षा के दौरान कुछ छात्रों ने अंदर घुसकर शिक्षक और विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों के साथ अमर्यादित व्यवहार किया। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने चुनाव को अगले आदेश तक स्थगित करने का निर्णय लिया है। यह अधिसूचना संकायाध्यक्ष, छात्र कल्याण की ओर से जारी की गई है और इसे राज्यपाल के प्रधान सचिव समेत संबंधित अधिकारियों को भेजा गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि परिसर में शांति और अनुशासन बनाए रखने तथा छात्रों के हितों की रक्षा के लिए यह कदम उठाया गया है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH