RegionalTop News

दिल्ली में पेट दर्द के बाद हिमाचल मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू का स्वास्थ्य सामान्य, एम्स से लौटे हिमाचल सदन

सुखविंदर सिंह सुक्खू का स्वास्थ्य शनिवार सुबह अचानक पेट में तेज दर्द के बाद चिंता का विषय बन गया। उन्हें तुरंत चिकित्सा जांच और उपचार के लिए दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया।

अस्पताल में किए गए आवश्यक मेडिकल टेस्ट के बाद राहत की बात यह है कि मुख्यमंत्री की रिपोर्ट सामान्य आई है। जांच के बाद सुक्खू एम्स से वापस हिमाचल सदन लौट आए हैं और डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें पूर्ण विश्राम करने की आवश्यकता है। सूत्रों के अनुसार, पेट में अचानक दर्द के कारण उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाना पड़ा था, लेकिन अब उनका स्वास्थ्य ठीक बताया जा रहा है।

अभी मुख्यमंत्री दिल्ली में ही रहेंगे और रविवार तक शिमला लौटने की संभावना है। इस बीच, उनके साथ गए हिमाचल कैबिनेट के अन्य मंत्री अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना हो चुके हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू पिछले कुछ दिनों से अपने मंत्रिमंडल के साथ दिल्ली दौरे पर थे। 19 फरवरी से चल रहे इस दौरे के दौरान उन्होंने 20 फरवरी को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी। इन बैठकों में हिमाचल की आर्थिक स्थिति और राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH