SportsTop News

वानखेड़े में छक्कों की बारिश, वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को 107 रन से हराकर बनाया विश्व रिकॉर्ड

टी20 विश्व कप 2026 में रिकॉर्ड्स का सिलसिला जारी है, लेकिन सोमवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में जो हुआ, वह टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार देखने को मिला। सुपर 8 के अहम मुकाबले में वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे आमने-सामने थे। इस मैच में दोनों टीमों ने मिलकर ऐसा कीर्तिमान बनाया, जो पहले कभी नहीं बना था। हालांकि मुकाबला एकतरफा रहा और वेस्टइंडीज ने बड़ी जीत दर्ज की।

पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज का धमाका

टॉस जीतकर जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने वेस्टइंडीज को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया, जो उनकी टीम पर भारी पड़ गया। वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। यह इस विश्व कप का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम 17.4 ओवर में 147 रन पर सिमट गई। इस तरह वेस्टइंडीज ने मुकाबला 107 रन के बड़े अंतर से जीत लिया।

एक मैच में लगे 31 छक्के, टूटा 12 साल पुराना रिकॉर्ड

इस मुकाबले में सबसे बड़ा रिकॉर्ड छक्कों का बना। वेस्टइंडीज ने अपनी पारी में 19 छक्के जड़े, जिससे उन्होंने 2014 में नीदरलैंड्स द्वारा बनाए गए सर्वाधिक छक्कों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।जिम्बाब्वे ने भी हार के बावजूद 12 छक्के लगाए। इस तरह पूरे मैच में कुल 31 छक्के लगे, जो टी20 विश्व कप इतिहास में किसी एक मैच में सबसे ज्यादा हैं। इससे पहले 2014 में आयरलैंड बनाम नीदरलैंड्स मैच में 30 छक्के लगे थे। करीब 12 साल बाद यह रिकॉर्ड टूट गया।

वेस्टइंडीज की लगातार पांचवीं जीत

इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने टूर्नामेंट में लगातार पांचवां मुकाबला जीता। यह इस सीजन में उनकी लगातार सबसे लंबी जीत का सिलसिला है। खास बात यह भी है कि वानखेड़े स्टेडियम में टी20 विश्व कप के दौरान खेले गए अपने पांचों मुकाबले वेस्टइंडीज जीत चुकी है। ऐसे में मुंबई का यह मैदान टीम के लिए लकी साबित हो रहा है।वानखेड़े में खेले गए इस मुकाबले ने न सिर्फ दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया, बल्कि टी20 विश्व कप के इतिहास में एक नया अध्याय भी जोड़ दिया।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH