Top NewsUttar Pradesh

आगरा में मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर, STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। उत्तर प्रदेश पुलिस की विशेष कार्यबल (एसटीएफ) की नोएडा इकाई और आगरा पुलिस की संयुक्त टीम ने आगरा जिले में मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मार गिराया। पुलिस के अनुसार, एकता थाना क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ में बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए आगरा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश ने आरोपी की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान पवन उर्फ कल्लू निवासी सिरौली, थाना लोनी (गाजियाबाद) के रूप में हुई है। पवन रंगदारी के मामले में वांछित था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के मुताबिक, पवन कुख्यात रणदीप भाटी-अमित कसाना गैंग का शूटर था। उसके खिलाफ हत्या के चार और रंगदारी के दो मामलों सहित कुल 18 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वर्ष 2021 में हत्या के एक मामले में उस पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था, जिसके बाद वह जेल गया था।पुलिस का कहना है कि जेल में रहने के दौरान वह हरियाणा के कुख्यात हिमांशु भाऊ गिरोह के संपर्क में आया। वर्ष 2025 में जेल से छूटने के बाद उसने दोबारा बड़े पैमाने पर रंगदारी वसूली शुरू कर दी थी।

मुठभेड़ स्थल से 9 एमएम की पिस्तौल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद पिस्तौल वर्ष 2016 में थाना बिसरख, गौतम बुद्ध नगर में एक सिपाही मोनू धीमान से लूटी गई थी। इस संबंध में बिसरख थाने में पहले से प्राथमिकी दर्ज है।पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश की जा रही है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH