पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। मतदान के दौरान जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रिंकल यादव ने मतपत्र में नाम की गड़बड़ी को लेकर हंगामा किया। उनका आरोप है कि बैलेट पेपर में उनका नाम रिंकल यादव की जगह रिंकल कुमार छाप दिया गया है, जिससे उनके समर्थकों में भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। विरोध जताने के लिए रिंकल यादव साइंस कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पहुंचे और बैलेट पेपर फेंककर नाराज़गी व्यक्त की। मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
शाम 4:30 बजे से मतगणना
जानकारी के अनुसार मतदान सुबह 8:30 बजे शुरू हुआ और 41 मतदान केंद्रों पर दोपहर 2:30 बजे तक चलेगा। इसके बाद शाम 4:30 बजे से मतगणना शुरू होगी। परिणाम देर रात तक घोषित होने की संभावना है। करीब 19 हजार छात्र अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
अध्यक्ष पद पर सबसे ज्यादा मुकाबला
इस बार पांच केंद्रीय पैनल पदों के लिए कुल 40 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जबकि 45 छात्र काउंसलर पद के लिए किस्मत आजमा रहे हैं। पांच काउंसलर निर्विरोध चुने गए हैं, जिनकी औपचारिक घोषणा आज की जाएगी। अध्यक्ष पद के लिए सबसे अधिक 11 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए आठ, महासचिव पद के लिए नौ और संयुक्त सचिव तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए छह-छह उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
कैंपस मुद्दों पर रहा फोकस
चुनाव प्रचार के दौरान उम्मीदवारों ने लाइब्रेरी सुविधाएं, डिजिटल शिक्षा, छात्रावास की स्थिति, शैक्षणिक व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। छात्रों को उम्मीद है कि नई यूनियन इन समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाएगी। विश्वविद्यालय की कुलपति नमिता सिंह ने छात्रों से शांति और जिम्मेदारी के साथ मतदान में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की पहचान उसके छात्रों से होती है और छात्र संघ केवल प्रतिनिधियों का समूह नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय की आवाज है। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन के सहयोग से मतगणना स्थल पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं।




