SportsTop News

संजू सैमसन का कमाल: 97 रन की ऐतिहासिक पारी से भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया

टी20 वर्ल्ड कप के अहम मुकाबले में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। इस जीत के नायक रहे संजू सैमसन, जिन्होंने नाबाद 97 रन की विस्फोटक पारी खेलकर मैच का रुख बदल दिया। अपनी शानदार बल्लेबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 196 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दिया। मुकाबला भारत के लिए करो या मरो जैसा था, क्योंकि हार का मतलब टूर्नामेंट से बाहर होना था। लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने शुरुआती झटके झेले। अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या एक-एक कर पवेलियन लौट गए।

लेकिन एक छोर पर संजू सैमसन मजबूती से डटे रहे। उन्होंने 50 गेंदों में 12 चौके और 4 छक्के लगाते हुए नाबाद 97 रन बनाए। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने 19.2 ओवर में 5 विकेट पर 199 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। जीत के क्षण में संजू ने लगातार छक्का और चौका जड़कर टीम को सेमीफाइनल का टिकट दिलाया।

इस पारी के साथ संजू सैमसन ने एक अनोखा विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वह टी20 वर्ल्ड कप में 190 से अधिक रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले 2007 में हरशल गिब्स ने 90 रन, 2016 में जो रूट ने 83 रन और उसी साल लेंडल सिमंस ने 82 रन बनाए थे।

इतना ही नहीं, संजू ने टी20 वर्ल्ड कप के एक मैच में भारत की ओर से सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उन्होंने 16 बाउंड्री लगाकर रोहित शर्मा के 15 बाउंड्री वाले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। अगर उस मुश्किल घड़ी में संजू सैमसन क्रीज पर टिककर जिम्मेदारी नहीं निभाते, तो भारत के लिए सेमीफाइनल की राह बेहद कठिन हो सकती थी। यह पारी सिर्फ एक जीत नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के लिए यादगार पल बन गई।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH