BusinessTop News

हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2026: भारत में 308 अरबपति, मुकेश अंबानी देश और एशिया के सबसे अमीर

हुरुन रिपोर्ट की ओर से जारी हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2026 के अनुसार भारत में अरबपतियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक देश में अब कुल 308 अरबपति हो गए हैं, जिससे भारत दुनिया में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। इस सूची में पहले स्थान पर चीन और दूसरे स्थान पर संयुक्त राज्य अमेरिका है। रिपोर्ट के अनुसार वैश्विक स्तर पर पहली बार अरबपतियों की संख्या 4000 के पार पहुंच गई है। इस साल दुनिया में कुल 4020 अरबपति दर्ज किए गए हैं, जो पिछले साल की तुलना में 578 अधिक हैं।

रिपोर्ट बताती है कि भारत में इस साल 24 नए अरबपति जुड़े हैं और 57 लोग पहली बार इस सूची में शामिल हुए हैं। इससे स्पष्ट है कि देश में विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से संपत्ति का निर्माण हो रहा है। भारतीय अरबपतियों की कुल संपत्ति बढ़कर करीब 112.6 लाख करोड़ रुपये हो गई है, जो पिछले साल के मुकाबले लगभग 10 प्रतिशत अधिक है। हेल्थकेयर, इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स और कंज्यूमर गुड्स जैसे क्षेत्रों ने इस वृद्धि में अहम भूमिका निभाई है।

रिपोर्ट के मुताबिक मुकेश अंबानी एक बार फिर भारत और एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। उनकी कुल संपत्ति करीब 9.8 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है, जो पिछले साल की तुलना में लगभग 9 प्रतिशत ज्यादा है। वहीं गौतम अडानी भारत के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। हालांकि उनकी संपत्ति में करीब 14 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है और उनकी कुल दौलत लगभग 7.5 लाख करोड़ रुपये रह गई है।

हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2026 के अनुसार भारत के शीर्ष 10 सबसे अमीर लोगों में मुकेश अंबानी और गौतम अडानी के अलावा रोशनी नादर मल्होत्रा, साइरस एस. पूनावाला, कुमार मंगलम बिड़ला, दिलीप सांघवी, अजीम प्रेमजी, नीरज बजाज, अशोक पी. हिंदुजा और राधाकिशन दमानी शामिल हैं। इस सूची में रोशनी नादर मल्होत्रा टॉप-10 में शामिल होने वाली एकमात्र महिला हैं।

रिपोर्ट के अनुसार साइरस पूनावाला की संपत्ति में सबसे अधिक बढ़ोतरी देखने को मिली है। उनकी कुल संपत्ति करीब 44 प्रतिशत बढ़कर लगभग 3 लाख करोड़ रुपये हो गई है। भारत में अरबपतियों के मामले में मुंबई सबसे आगे है, जहां 95 अरबपति रहते हैं। हालांकि वैश्विक स्तर पर अरबपतियों वाले शहरों की सूची में मुंबई छठे स्थान पर है। वैश्विक स्तर पर एलन मस्क दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। इसके बाद जेफ बेजोस और लैरी पेज का नाम आता है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH