अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के अगले सुप्रीम लीडर को लेकर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा कि यदि ईरान के नए सुप्रीम लीडर को व्हाइट हाउस की मंजूरी नहीं मिली, तो वह ज्यादा समय तक पद पर नहीं टिक पाएगा। दरअसल, ईरान में मौजूदा सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की जगह नए नेता के चयन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इसी बीच ट्रंप ने अमेरिकी मीडिया से बातचीत में कहा कि नया सुप्रीम लीडर बनने वाले व्यक्ति को अमेरिका से मंजूरी लेनी होगी।
ट्रंप ने कहा कि यदि उसे अमेरिका की मंजूरी नहीं मिलती है तो उसका पद पर बने रहना मुश्किल होगा। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका यह सुनिश्चित करना चाहता है कि भविष्य में हर दस साल बाद ऐसी स्थिति से न गुजरना पड़े, खासकर तब जब अमेरिका में उनके जैसा राष्ट्रपति न हो। ट्रंप ने आगे कहा कि वह नहीं चाहते कि कुछ साल बाद फिर से उसी समस्या का सामना करना पड़े। उनका कहना था कि स्थिति और खराब हो सकती है अगर ईरान के पास परमाणु हथियार पहुंच जाएं।
इससे पहले इजरायली सेना ने भी एक पोस्ट के जरिए ईरान को चेतावनी दी थी। इजरायली डिफेंस फोर्स ने कहा कि तानाशाह अली खामेनेई को बेअसर करने के बाद ईरान का शासन खुद को फिर से संगठित करने और नया नेता चुनने की कोशिश कर रहा है। पोस्ट में यह भी कहा गया कि ईरान की एक्सपर्ट्स की असेंबली जल्द ही कोम शहर में बैठक करने वाली है। यह संस्था सुप्रीम लीडर के चयन में अहम भूमिका निभाती है। इजरायली सेना ने चेतावनी देते हुए कहा कि इजराइल सरकार का हाथ हर संभावित उत्तराधिकारी और उसे चुनने वाले लोगों तक पहुंचेगा। साथ ही यह भी कहा गया कि जो लोग इस बैठक में हिस्सा लेने की योजना बना रहे हैं, उन्हें भी निशाना बनाने से इजराइल पीछे नहीं हटेगा।




