नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय क्रिकेट टीम जश्न के माहौल में है। इसी बीच टीम इंडिया से जुड़ी एक खास खबर सामने आई है। भारतीय टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। उनकी शादी की तारीख और कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी भी सामने आ गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुलदीप यादव अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ 14 मार्च 2026 को सात फेरे लेंगे। यह शादी उत्तराखंड के मशहूर हिल स्टेशन मसूरी में आयोजित की जाएगी। शादी से एक दिन पहले यानी 13 मार्च को हल्दी और मेहंदी की रस्में निभाई जाएंगी।
लखनऊ में होगा ग्रैंड रिसेप्शन
शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ के होटल सेंट्रम में एक भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी, फिल्मी जगत से जुड़े लोग और उत्तर प्रदेश के कई बड़े राजनीतिक चेहरे शामिल हो सकते हैं।
बताया जा रहा है कि कुलदीप की होने वाली पत्नी वंशिका कानपुर के श्याम नगर इलाके की रहने वाली हैं और एलआईसी में कार्यरत हैं। दोनों एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं और समय के साथ उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों की सगाई 4 जून 2025 को लखनऊ में एक निजी समारोह में हुई थी।
कुलदीप के परिवार की ओर से शादी के कार्ड भी बांटे जा रहे हैं। उनके पिता राम सिंह यादव ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी शादी का निमंत्रण दिया है।
टी20 वर्ल्ड कप में मिला सीमित मौका
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुलदीप यादव को ज्यादा मैच खेलने का मौका नहीं मिला। उन्हें टूर्नामेंट में सिर्फ एक मुकाबले में प्लेइंग इलेवन में जगह मिली, जो पाकिस्तान के खिलाफ खेला गया था। इस मैच में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 14 रन देकर एक विकेट हासिल किया और टीम की जीत में योगदान दिया।





