BusinessNationalTop News

पीएम किसान योजना की 22वीं किस्त जारी, ऐसे करें घर बैठे स्टेटस चेक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार 13 मार्च को असम के गुवाहाटी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी कर दी है। केंद्र सरकार की इस योजना के तहत किसानों के बैंक खातों में 2,000 रुपये की राशि सीधे भेजी गई है।

इस योजना के माध्यम से देश के 9.32 करोड़ से अधिक किसान परिवारों के बैंक खातों में 18,640 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए ट्रांसफर की गई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत अब तक कुल 21 किस्तें जारी की जा चुकी हैं। योजना की किस्त जारी होने के बाद लाभार्थियों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक एसएमएस भी भेजा जाता है। इस मैसेज के जरिए किसानों को जानकारी मिलती है कि उनके बैंक खाते में 2,000 रुपये की राशि जमा कर दी गई है। कई मामलों में बैंक की ओर से भी ट्रांजैक्शन का मैसेज भेजा जाता है।

अगर किसी किसान को सरकार या बैंक की ओर से कोई मैसेज नहीं मिला है, तो वह अपने नजदीकी एटीएम पर जाकर खाते का बैलेंस चेक कर सकता है। इससे यह पता चल जाएगा कि खाते में 2,000 रुपये की किस्त आई है या नहीं। इसके अलावा किसान अपनी बैंक शाखा में जाकर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

ऐप के जरिए भी किसान अपनी किस्त का स्टेटस आसानी से चेक कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर से पीएम किसान मोबाइल ऐप डाउनलोड करना होगा। ऐप खोलने के बाद लॉगिन विकल्प पर क्लिक करना होगा और लॉगिन टाइप में बेनिफिशियरी का चयन करना होगा। इसके बाद आधार नंबर या रजिस्ट्रेशन आईडी दर्ज करके ओटीपी प्राप्त करना होगा। ओटीपी दर्ज करने के बाद बेनिफिशियरी स्टेटस के विकल्प में जाकर किसान अपनी सभी किस्तों की जानकारी देख सकते हैं।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH