RegionalTop News

प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन का समापन, छह माह बाद निवेश प्रस्तावों की समीक्षा करेगी सरकार: भगवंत मान

मोहाली। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को एसएएस नगर (मोहाली) में आयोजित तीन दिवसीय प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन के समापन समारोह में उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए राज्य में निवेश के लिए हर संभव सहयोग और रियायतें देने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन ने वैश्विक और राष्ट्रीय निवेशकों की मजबूत साझेदारी के जरिए पंजाब में औद्योगिक विकास के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सम्मेलन के दौरान मिले निवेश प्रस्तावों और परियोजनाओं की प्रगति का आकलन करने के लिए राज्य सरकार छह महीने बाद एक विशेष समीक्षा बैठक आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में देश-विदेश के प्रमुख औद्योगिक नेताओं की भागीदारी ने राज्य के आर्थिक विकास को नई दिशा देने का काम किया है।

तीन दिनों में हुए करीब 30 सत्र

भगवंत मान ने बताया कि सम्मेलन के दौरान तीन दिनों में लगभग 30 सत्र आयोजित किए गए, जिनमें राज्य के आर्थिक विकास, उद्योग विस्तार और निवेश को बढ़ावा देने पर व्यापक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल औद्योगिक विकास को गति देते हैं, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य राज्य के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा मिल सके और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखा जा सके।

निवेश के लिए अनुकूल माहौल

उन्होंने उद्योगपतियों से अपील की कि वे पंजाब के दूत बनकर राज्य में उपलब्ध बेहतर कारोबारी माहौल, कारोबार करने में आसानी और निवेश के अवसरों की जानकारी अन्य राज्यों और देशों में भी साझा करें। सरकार का लक्ष्य पंजाब को देश का प्रमुख औद्योगिक केंद्र बनाना है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उद्योगपतियों को जबरन समझौते करने के लिए मजबूर करने की पुरानी परंपरा अब खत्म हो चुकी है और मौजूदा सरकार पारदर्शिता तथा बेहतर प्रशासन के साथ औद्योगिकीकरण को बढ़ावा दे रही है।

पंजाब की विरासत और मेहनत की पहचान

भगवंत मान ने कहा कि पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, मेहनतकश लोगों और उद्यमी भावना के कारण राज्य को देश-विदेश में विशेष पहचान मिली है। पंजाबियों ने अपनी मेहनत और समर्पण के दम पर दुनिया भर में अलग मुकाम हासिल किया है।उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पंजाब तेज औद्योगिक विकास की राह पर आगे बढ़ेगा और राज्य वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख औद्योगिक व निर्यात केंद्र के रूप में उभरेगा। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा, हरभजन सिंह ईटीओ, बरिंदर गोयल और मुख्य सचिव केएपी सिन्हा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH